संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2026 के प्रारंभिक परीक्षा का ई-एडमिट कार्ड अभी तक जारी नहीं होने के कारण देशभर के लाखों अभ्यर्थियों के बीच उत्सुकता और बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही है। UPSC CSE Prelims 2026 के उम्मीदवार पिछले कई दिनों से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर बार बार विजिट कर रहे हैं और एडमिट कार्ड जारी होने का इंतजार कर रहे हैं।
आमतौर पर आयोग परीक्षा से लगभग 10 से 15 दिन पहले ई-एडमिट कार्ड जारी कर देता है, लेकिन इस बार अब तक एडमिट कार्ड जारी नहीं किया गया है, जिससे अभ्यर्थियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
क्या रहा है पिछला ट्रेंड ?
यदि पिछले वर्षों के ट्रेंड पर नजर डालें, तो UPSC ने लगातार परीक्षा से कुछ दिन पहले एडमिट कार्ड जारी किए थे। वर्ष 2022 में UPSC CSE Prelims का एडमिट कार्ड 10 मई 2022 को जारी किया गया था जबकि परीक्षा 5 जून 2022 को आयोजित हुई थी। इसी प्रकार वर्ष 2023 में एडमिट कार्ड 8 मई 2023 को जारी हुआ और प्रारंभिक परीक्षा 28 मई 2023 को आयोजित की गई थी। वर्ष 2024 में आयोग ने 7 जून 2024 को एडमिट कार्ड जारी किया था तथा परीक्षा 16 जून 2024 को आयोजित हुई थी। वहीं वर्ष 2025 में UPSC CSE Prelims का एडमिट कार्ड 13 मई 2025 को जारी किया गया और परीक्षा 25 मई 2025 को संपन्न कराई गई थी।
इन सभी वर्षों के ट्रेंड को देखने पर यह स्पष्ट होता है कि आयोग सामान्यतः परीक्षा से लगभग 10 से 20 दिन पहले एडमिट कार्ड जारी करता रहा है। इसी आधार पर अधिकांश अभ्यर्थियों और विशेषज्ञों का मानना था कि UPSC CSE Prelims 2026 का ई-एडमिट कार्ड आज तक जारी हो जाना चाहिए था। हालांकि आयोग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक सूचना या अपडेट सामने नहीं आया है।
कब तक आने की संभावना है ?
उम्मीदवारों के बीच यह अनुमान लगाया जा रहा है कि आयोग संभवतः कल तक एडमिट कार्ड जारी कर सकता है। यदि कल जारी नहीं होता है, तो अधिकतम शनिवार तक UPSC द्वारा ई-एडमिट कार्ड जारी किए जाने की पूरी संभावना मानी जा रही है। चूंकि परीक्षा अब काफी नजदीक है, इसलिए आयोग भी जल्द ही एडमिट कार्ड उपलब्ध करा सकता है ताकि अभ्यर्थी समय रहते अपने परीक्षा केंद्र, परीक्षा समय और अन्य जरूरी निर्देशों की जानकारी प्राप्त कर सकें।
कैसे और कहाँ से डाउनलोड करे ?
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे घबराने की बजाय नियमित रूप से UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें और किसी भी अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें। जैसे ही आयोग एडमिट कार्ड जारी करेगा, अभ्यर्थी अपने रजिस्ट्रेशन नंबर या रोल नंबर की सहायता से उसे डाउनलोड कर सकेंगे। फिलहाल सभी की निगाहें UPSC के अगले आधिकारिक अपडेट पर टिकी हुई हैं।
